उत्तराखंडऋषिकेश

कुम्भ मेला क्षेत्र ऋषिकेश तक बढ़ाने का प्रयास रहेगा : स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज

ऋषिकेश, 10 अक्टूबर : प्राचीन वीरभद्र महादेव मंदिर में शुक्रवार को पूज्य निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने दर्शन व अभिषेक पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आगामी अर्धकुंभ मेले में प्रयास रहेगा कि कुम्भ क्षेत्र को हरिद्वार के साथ-साथ ऋषिकेश तक विस्तारित किया जाए।

स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने कहा कि यह विषय अखाड़ों, परम्पराओं और सरकार के बीच विचार-विमर्श से तय होगा, लेकिन उनकी व्यक्तिगत इच्छा है कि ऋषिकेश को कुम्भ मेला क्षेत्र का लाभ अवश्य मिले। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास रहेगा कि सरकार से वार्ता कर कुम्भ मेला क्षेत्र को ऋषिकेश तक जोड़ा जाए, ताकि यहाँ के धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिले।”

उन्होंने यह भी कहा कि कुम्भ के शाही स्नान की परम्परा को बदला नहीं जा सकता, परंतु यदि अखाड़ों की सहमति बनती है तो ऋषिकेश में भी सामूहिक स्तर पर प्रतीकात्मक स्नान (मौलिक नहीं, मौखिक रूप में) किया जा सकता है।

स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने वीरभद्र महादेव मंदिर को “दिव्य स्थान” बताते हुए कहा, “भवन की महत्ता उसकी भव्यता से नहीं, बल्कि दिव्यता से होती है। गंगा तट पर स्थित यह मंदिर अद्भुत और ऊर्जामय स्थल है।” उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही फिर से ऋषिकेश आएंगे और दिव्य-भव्य कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

इस अवसर पर उनके साथ रामरतन गिरी महाराज, महंत राजगिरी महाराज, सचिव निरंजनी अखाड़ा, दिगंबर रघुवीर गिरी महाराज, प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल, कपिल गुप्ता, प्रमोद शर्मा सहित अनेक भक्त उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतू खंडूड़ी भूषण ने किया रुद्राभिषेक, मांगा प्रदेश की खुशहाली का आशीर्वाद

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतू खंडूड़ी भूषण भी वीरभद्र महादेव मंदिर पहुंचीं। उन्होंने रुद्राभिषेक कर प्रदेश की खुशहाली और पिता जी के दीर्घायु होने की कामना की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “महादेव ने आज बुलाया, यहाँ की महत्ता बहुत अधिक है। रुद्राभिषेक कर मन को शांति मिली।”

करवाचौथ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं मजबूत और स्वावलंबी बनें। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग अध्यक्षा कुसुम कंडवाल ने भी प्रदेश की महिलाओं को बधाई दी और कहा कि “महाराजश्री के दर्शन कर मन प्रसन्न हुआ, उनकी साधना और तपस्या करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा है।”

कपिल गुप्ता का जन्मदिन मनाया गया, महाराजश्री ने दी शुभकामनाएं

इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता व वरिष्ठ भाजपा नेता कपिल गुप्ता का जन्मदिन भी मनाया गया। स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए कहा, “कर्म करते रहना ही जीवन का धर्म है। समाज में ऐसे व्यक्तित्व प्रेरणादायी हैं।”

कपिल गुप्ता ने कहा, “महादेव और महाराजश्री का आशीर्वाद पाकर मैं अभिभूत हूं। समाज सेवा के लिए यही प्रेरणा है।” जन्मदिन के अवसर पर केक काटा गया और मंदिर परिसर में मौजूद पांच कन्याओं को केक खिलाकर आशीर्वाद दिया गया।

इस अवसर पर महापौर शंभू पासवान, दिगंबर रघुवीर गिरी (प्रबंधक, वीरभद्र महादेव मंदिर सेवा समिति), माधव अग्रवाल, दिनेश सेमवाल समेत सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

🕉️ “ऋषिकेश का विस्तार और विकास ही मेरा उद्देश्य है, देवताओं का आशीर्वाद हमारे उत्तराखंड पर सदा बना रहे।”
— स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज

Related Articles

Back to top button