
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : गुमानीवाला गली नंबर-8 निवासी शिव प्रकाश बिजलवाण के सुपुत्र प्रद्युम्न बिजलवाण ने यूपीएससी 2024 परीक्षा में 98वां स्थान प्राप्त कर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पूर्व कैबिनेट डॉ.मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने उन्हें पगड़ी पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रद्युम्न की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस आवश्यकता है समर्पण और निरंतर परिश्रम की।
पूर्व मंत्री ने प्रद्युम्न को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “ईश्वर से प्रार्थना है कि वे इसी तरह प्रदेश और देश का नाम रोशन करते रहें।”
कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने भी प्रद्युम्न को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रद्युम्न की सफलता से पूरे गुमानीवाला क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।









