उत्तराखंडऋषिकेश

निर्माणाधीन बजरंग सेतु से गंगा नदी में गिरे युवक का शव छह दिन बाद बरामद

एसडीआरएफ टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन, परिजनों ने की पहचान

 

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा), 23 अक्टूबर : निर्माणाधीन बजरंग सेतु, लक्ष्मण झूला से गंगा नदी में गिरे युवक का शव घटना के छह दिन बाद बरामद किया गया है। एसडीआरएफ ढालवाला टीम द्वारा लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान आज गुरुवार को शव को गंगा नदी से निकाला गया।

थाना लक्ष्मण झूला पुलिस के अनुसार, दिनांक 16 अक्टूबर 2025 को समय करीब 10:10 बजे सूचना मिली थी कि निर्माणाधीन बजरंग सेतु से एक व्यक्ति गंगा नदी में गिर गया है। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जांच में पता चला कि दिल्ली निवासी तीन युवक — हेमंत सोनी (31 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय आनंद सोनी, अमित सोनी, और अक्षत सेठ, सभी निवासी कटवारिया सराय, हौज खास, नई दिल्ली — पुल पर घूमने आए थे। इसी दौरान हेमंत सोनी का संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गंगा नदी में गिर गया।

घटना की जानकारी पर एसडीआरएफ ढालवाला टीम को तुरंत सर्च एवं रेस्क्यू कार्य के लिए लगाया गया था। टीम द्वारा लगातार कई दिनों से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। आज दिनांक 23 अक्टूबर 2025 को सर्चिंग के दौरान हेमंत सोनी का शव गंगा नदी से बरामद किया गया।

शव की पहचान परिजनों द्वारा की गई है। बरामद शव को आवश्यक पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कार्रवाई हेतु जिला पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button