चन्द्रेश्वर नगर में 40वां विश्वकर्मा पूजन समारोह धूमधाम से संपन्न
भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां; बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने लिया हिस्सा




ऋषिकेश, 18 सितंबर(दिलीप शर्मा): चन्द्रेश्वर नगर में आयोजित 40वां भव्य विश्वकर्मा पूजन समारोह श्रद्धा, उल्लास और गरिमामय वातावरण में धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। समारोह में देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर क्षेत्र, समाज और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की गई।
समारोह के सांस्कृतिक सत्र में प्रख्यात गायिका सोना सिंह, काव्या कुलमूर्ति एवं गायक मुकुल ने भक्ति और सांस्कृतिक गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक देर रात तक झूमते नजर आए। आयोजन स्थल पर देर तक भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल तथा नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान बतौर अतिथि शामिल हुए। अतिथियों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
वक्ताओं ने भगवान विश्वकर्मा को भारतीय शिल्प, निर्माण और तकनीकी परंपरा का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनके आदर्श सृजन, परिश्रम, कौशल और कर्म के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा पूजन केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि श्रम और हुनर के सम्मान का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने लोगों से मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह में आयोजन समिति के अध्यक्ष लाल बाबू महतो सहित सुजीत यादव, चन्द्रेश्वर यादव, अनिल कुशवाहा, गगन राम, विक्की शाह और यश कुमार समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। आयोजन समिति ने अतिथियों और समारोह में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।





