ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वीरभद्र मंडल, ऋषिकेश के कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल से उनके कैंप कार्यालय, ऋषिकेश में भेंट करने पहुँचा।
इस अवसर पर मंडल के कार्यकर्ताओं ने विधायक डॉ. अग्रवाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों—पेयजल लाइन, सीवरेज लाइन, सड़कों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण—के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि विधायक डॉ. अग्रवाल के नेतृत्व में ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति निरंतर बनी हुई है। जलापूर्ति, सीवरेज, सड़क निर्माण, विद्युत एवं सफाई जैसे बुनियादी सुविधाओं से संबंधित कार्यों को जिस गंभीरता और प्राथमिकता से पूरा किया जा रहा है, वह उनकी जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर विधायक डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में सभी के सहयोग और सहभागिता से ही यह निरंतर यात्रा आगे बढ़ रही है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि उनका लक्ष्य हर व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना और ऋषिकेश को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करना है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में पेयजल, सीवरेज, सड़क, बिजली और स्वच्छता से जुड़े अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।
विधायक ने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे जनसमस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुँचाने का कार्य जारी रखें। अंत में उन्होंने सभी उपस्थित जनों को धनतेरस, दीपावली एवं आगामी पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सुमन, श्रीमती पुनीता भंडारी, गोविन्द रावत, राजेश राइटर, श्रीमती मनोरमा देवी, बरकत अली, मोहम्मद रफ़ी, प्रताप राणा, मोहित बंसल, डॉ. वंदना स्वामी, श्रीमती ऊषा कोठारी, श्रीमती दीपा राणा, श्रीमती उर्मिला रावत (भट्टोंवाला) सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










