
ऋषिकेश, 8 जुलाई(दिलीप शर्मा): में मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बुधवार को नवीन एकीकृत ओपीडी काउंटर का शुभारंभ किया गया। एम्स की निदेशक तथा क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर इस नई सुविधा का लोकार्पण किया।
नवीन एकीकृत ओपीडी काउंटर शुरू होने के बाद अब मरीजों को ओपीडी पंजीकरण, बिलिंग, डिस्चार्ज और आईपीडी से जुड़ी विभिन्न सेवाएं एक ही काउंटर पर उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को अलग-अलग काउंटरों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा समय की भी बचत होगी। विशेष रूप से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों से उपचार के लिए आने वाले मरीजों को इस सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा।
लंबे प्रयासों के बाद मिली सुविधा : डॉ. अग्रवाल
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्रीय जनता को स्वास्थ्य सेवाओं में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए वे लंबे समय से इस सुविधा को शुरू कराने के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने बताया कि एम्स प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार पत्राचार और संवाद के बाद यह सुविधा शुरू हो सकी है। उन्होंने एम्स प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में एम्स के जनसंपर्क अधिकारी संदीप सिंह, उप चिकित्सा निदेशक डॉ. विक्रम सिंह, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव चिकारा सहित संस्थान के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं भाजपा संगठन के पदाधिकारी, जिनमें ग्राम प्रधान सुषमा बिष्ट, जगदंबा प्रसाद सेमवाल, मनोज ध्यानी, सुरेंद्र सिंह, चंद्र मोहन पोखरियाल, सुमित पंवार, कौशल बिजलवान, दीपक बिष्ट, राम सिंह पवार, बृजमोहन मनोरी, सुधा असवाल, पिंकी धस्माना, पूजा गौड़ सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मरीजों को मिलेगी त्वरित और बेहतर सेवा
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नई व्यवस्था का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि एकीकृत ओपीडी काउंटर के संचालन से एम्स में आने वाले मरीजों को पहले की तुलना में अधिक त्वरित, सुविधाजनक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।











