टिहरी में 26 जुलाई को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाएगा कारगिल विजय दिवस, तैयारियां तेज
एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी ने समीक्षा बैठक में विभागों को सौंपी जिम्मेदारियां, शहीद स्मारक पर गार्ड ऑफ ऑनर, प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित

टिहरी गढ़वाल, 08 जुलाई(दिलीप शर्मा): आगामी 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) जनपद टिहरी गढ़वाल में पूरे श्रद्धा, सम्मान और गरिमामय वातावरण के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में सैनिक कल्याण विभाग के कर्नल सी.बी. पुन ने बताया कि बौराड़ी स्थित शौर्य स्मारक पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुलिस विभाग शहीद स्मारक पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेगा। वहीं शिक्षा विभाग की ओर से सुबह 8 बजे बौराड़ी चौक से शहीद स्मारक तक स्कूली छात्र-छात्राओं की देशभक्ति रैली एवं बैंड के साथ प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके अलावा विद्यार्थियों द्वारा समूहगान और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
बैठक में तय किया गया कि फील्ड रेजिमेंट नरेंद्र नगर द्वारा शहीद स्मारक पर गार्ड ऑफ ऑनर एवं सलामी दी जाएगी। जिला पंचायत को वीर नारियों, गणमान्य अतिथियों और स्कूली बच्चों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा उद्यान विभाग को शहीद स्मारक के सौंदर्यीकरण, पुष्पचक्र एवं पुष्पमालाओं की व्यवस्था करने तथा जल संस्थान को कार्यक्रम स्थल पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। एडीएम ने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध और समन्वित ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष संजय रावत, सैनिक कल्याण विभाग से कैप्टन बलवंत सिंह रावत, एएसपी दीपक कुमार, शिक्षा विभाग की पूनम चौहान, नगर पालिका टिहरी के अधिशासी अधिकारी वासुदेव डंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।










