हरेला पर्व पर टिहरी में 65 हजार पौधारोपण का लक्ष्य, हर परिवार लगाए एक पौधा : डीएम
गढ़वाल मंडल आयुक्त ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, वृक्षारोपण की जीपीएस टैग्ड फोटो पोर्टल पर होगी अपलोड

नई टिहरी, 08 जुलाई(दिलीप शर्मा): हरेला पर्व के अवसर पर जनपद टिहरी गढ़वाल में इस वर्ष 65 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने नगर निकाय क्षेत्रों सहित प्रत्येक परिवार से अपने घर, आंगन, गमले अथवा उपलब्ध स्थान पर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही हरेला अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
बुधवार को गढ़वाल मंडल आयुक्त की अध्यक्षता में हरेला कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक जनपद में प्रभारी मंत्री की उपस्थिति में हरेला कार्यक्रम आयोजित किया जाए। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय से नर्सरियों से समय पर पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करें, निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करें तथा वृक्षारोपण के बाद जीपीएस टैग्ड फोटो निर्धारित समय में डैशबोर्ड और पोर्टल पर अपलोड करें।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि जनपद को मिले लक्ष्य के तहत विभिन्न वन प्रभागों को पौधारोपण का दायित्व सौंपा गया है। इसके तहत टिहरी वन प्रभाग और नरेंद्रनगर वन प्रभाग को 20-20 हजार, मसूरी वन प्रभाग को 10 हजार, टिहरी डैम वन प्रभाग प्रथम (नई टिहरी) को 7 हजार, जबकि टिहरी डैम वन प्रभाग द्वितीय एवं भूमि संरक्षण वन प्रभाग (उत्तरकाशी) को 4-4 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है।
उन्होंने बताया कि हरेला पर्व पर जिले के सभी विद्यालय भी बृहद वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी करेंगे। इस वर्ष अभियान की थीम “हर गांव का यह पैगाम, एक पेड़ मां के नाम” रखी गई है, जिसका व्यापक प्रचार-प्रसार बैनर एवं अन्य माध्यमों से किया जाएगा।
प्रभागीय वनाधिकारी पुनीत तोमर ने बताया कि अभियान के तहत किए जाने वाले सभी पौधारोपण स्थलों की जीपीएस टैग्ड तस्वीरें ‘मेरी लाइफ’ पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी, जिससे अभियान की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने और हरेला पर्व को जनआंदोलन का स्वरूप देने की अपील की।










