दुःखद – शिवपुरी के पास खाई में गिरा चौकी इंचार्ज का वाहन, एम्स में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
ड्यूटी के दौरान मुनि की रेती से शिवपुरी चौकी जा रहे थे उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा, एसडीआरएफ और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान

ऋषिकेश, 23 जून(दिलीप शर्मा): थाना मुनि की रेती क्षेत्रांतर्गत शिवपुरी के समीप मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चौकी इंचार्ज शिवपुरी, उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा की मृत्यु हो गई। उनका वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ एवं स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया और उन्हें खाई से बाहर निकालकर उपचार हेतु एम्स ऋषिकेश भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज प्रातः लगभग 06:55 बजे आपदा कंट्रोल रूम टिहरी को सूचना मिली कि शिवपुरी के समीप एक वाहन गहरी खाई में गिर गया है। सूचना पर एसडीआरएफ ढालवाला एवं व्यासी पोस्ट की टीमें आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
मौके पर पहुंचने पर स्थानीय पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन चौकी इंचार्ज शिवपुरी, उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा का है। वह ड्यूटी के दौरान मुनि की रेती से शिवपुरी चौकी की ओर जा रहे थे, तभी उनका वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।
एसडीआरएफ एवं स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम खाई में उतरकर घायल उपनिरीक्षक तक पहुंची, जहां वह अचेत अवस्था में मिले। रेस्क्यू के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर राफ्ट के माध्यम से फूलचट्टी मुख्य मार्ग तक पहुंचाया गया, जहां से एम्बुलेंस द्वारा उपचार हेतु एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
एम्स ऋषिकेश में चिकित्सकों द्वारा परीक्षण के उपरांत उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा को मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस विभाग एवं क्षेत्र में शोक की लहर है। अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने दिवंगत अधिकारी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।










