ऋषिकेश में हाई बीम को लेकर सड़क पर भिड़े छह युवक गिरफ्तार, शराब के नशे में कर रहे थे हंगामा
देहरादून रोड स्थित दुर्गा मंदिर के सामने हुई घटना, दो वाहन सीज; छह आरोपियों को बीएनएसएस की धाराओं में गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में किया जाएगा पेश

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाते हुए सड़क पर मारपीट और हंगामा करने वाले छह युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में दो वाहनों को भी मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में मंगलवार देर रात थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान देहरादून रोड स्थित दुर्गा मंदिर के सामने छह युवक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए हाई बीम को लेकर आपस में विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों में भय व्याप्त हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके नहीं मानने पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी छह युवकों को बीएनएसएस की धारा 170(1)/126/135 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपियों को बुधवार को उपजिलाधिकारी ऋषिकेश के समक्ष पेश किया जाएगा।
इसके अलावा शराब के नशे में वाहन चलाने के आरोप में स्कूटी संख्या UK14C-0905 तथा स्कॉर्पियो संख्या UK14N-8885 को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत सीज किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
प्रथम पक्ष
- नितिन नेगी (23), निवासी वार्ड नंबर-11, ढालवाला, ऋषिकेश।
- राम सिंह रावत (22), निवासी ग्राम अटाली, पोस्ट व्यासी, जनपद टिहरी गढ़वाल।
- अखिलेश सिंह रावत (18), निवासी ग्राम अटाली, पोस्ट व्यासी, जनपद टिहरी गढ़वाल।
द्वितीय पक्ष
- राहुल भटनागर (26), निवासी नंदू फार्म, गली नंबर-7, ऋषिकेश।
- राज जाटव (19), निवासी कुएं वाली गली, बनखंडी, ऋषिकेश।
- अभिषेक (27), निवासी नंदू फार्म, गली नंबर-7, ऋषिकेश।










