कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियां तेज, मुनिकीरेती मेला क्षेत्र का अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण
यातायात, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और चिकित्सा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश

मुनिकीरेती/टिहरी, 8 जुलाई(दिलीप शर्मा): आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) टिहरी के निर्देशन में बुधवार को थाना मुनिकीरेती क्षेत्र में कांवड़ मेला क्षेत्र का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर ने उप जिलाधिकारी नरेंद्र नगर तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण कर कांवड़ यात्रियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाएं, आपदा प्रबंधन, अग्निशमन व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।

क्षेत्राधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थलों का विशेष रूप से निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों से किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए अग्रिम तैयारी और त्वरित समन्वय बनाए रखने को कहा गया।
टिहरी पुलिस ने बताया कि कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचाई जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सके।










