अतिवृष्टिउत्तराखंडटिहरी गढ़वालमौसम

टिहरी में आज के लिए रेड अलर्ट जारी, भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी; प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की, सभी विभागों और आपदा तंत्र को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश

नई टिहरी, 9 जुलाई(दिलीप शर्मा): भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा गुरुवार सुबह जारी मौसम पूर्वानुमान के आधार पर जनपद टिहरी गढ़वाल के लिए 9 जुलाई को रेड अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वानुमान के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। संभावित आपदा जोखिम को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) ने आम नागरिकों, संबंधित विभागों तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा पेड़ों, बिजली के खंभों और जर्जर भवनों से दूरी बनाए रखें। वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने और मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस को निर्देशित किया गया है कि अधिक वर्षा की स्थिति में यात्रियों एवं वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रोककर मौसम सामान्य होने के बाद ही आवागमन की अनुमति दी जाए।

राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, एडीबी, बीआरओ, सीपीडब्ल्यूडी सहित सभी संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने पर उसे तत्काल सुचारु कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा सभी राजस्व उप निरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहने तथा मौसम की स्थिति की नियमित सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थाना, चौकी और आपदा प्रबंधन की त्वरित प्रतिक्रिया टीमों (QRT) को आवश्यक उपकरणों और वायरलेस सेट के साथ पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी दैवीय आपदा, दुर्घटना, मार्ग अवरुद्ध होने अथवा अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।

किसी भी दैवीय आपदा घटना/दुर्घटना/मार्ग अवरुद्ध क्षति की सूचना तत्काल निम्न संपर्क नंबरों पर दें।

 जिला आपदा कंट्रोल रूम, टिहरी गढ़वाल

  • 01376-234793
  • 01376-233433
  • 9456533332
  • 8126268098
  • 7465809009
  • 7983340807

Related Articles

Back to top button