उत्तराखंडटिहरी गढ़वालसमीक्षा बैठक

टिहरी में होमस्टे विकास योजना को मिलेगी रफ्तार, डीएम ने आवेदनों की समीक्षा कर दिए जरूरी निर्देश

आवेदकों से किया सीधा संवाद, जिला पंचायत को समयबद्ध कार्रवाई और हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश

टिहरी गढ़वाल,10 जुलाई(दिलीप शर्मा): दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्राप्त आवेदनों की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी करते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने आवेदकों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी कार्ययोजना, प्रस्तावित होमस्टे, कक्ष निर्माण, कक्षों के नवीनीकरण तथा होटल एवं होमस्टे निर्माण से संबंधित प्रस्तावों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चयनित आवेदक जिला पंचायत के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करें, ताकि स्वीकृति एवं लाभ वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। साथ ही जिला पंचायत को सभी प्रकरणों में तेजी से कार्रवाई करने तथा आवेदकों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में चंबा के प्रवीण कोठारी और प्यार सिंह, नैनबाग के सुल्तान सिंह, थत्यूड़ की शोभना देवी, सोनी देवी, संजीत सिंह, सजनु सिंह एवं बलदेव सिंह, भिलंगना के रेवल सिंह, थौलधार के मनदीप सिंह तथा प्रतापनगर के किशन सिंह सहित अन्य आवेदक उपस्थित रहे। सभी ने कक्ष निर्माण, कक्षों के नवीनीकरण तथा होटल एवं होमस्टे निर्माण से संबंधित प्रस्ताव समिति के समक्ष प्रस्तुत किए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग विशाल चौहान, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) मनीष मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button