उत्तराखंडकावड़ मेलाटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

कांवड़ मेले से पहले मुनिकीरेती-ढालवाला में निराश्रित गौवंश हटाने का अभियान तेज, 60 गौवंश गौशाला भेजे

यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नगर पालिका की कार्रवाई, अभियान लगातार जारी रहेगा

मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए क्षेत्र में निराश्रित गौवंशों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया है। कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित सड़क दुर्घटनाओं और यातायात बाधाओं को रोकने के उद्देश्य से शुक्रवार तक 60 निराश्रित गौवंशों को पकड़कर गौशाला भेजा जा चुका है।

पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को भी मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती के नेतृत्व में पालिका टीम ने रामझूला और ढालवाला क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान कैटल कैचर वाहन की सहायता से निराश्रित गौवंशों को पकड़कर देहरादून स्थित गौशाला भेजा गया।

अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने बताया कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर नगर पालिका प्रतिदिन अभियान चलाकर निराश्रित गौवंशों को गौशाला भेज रही है। उन्होंने कहा कि अभियान लगातार जारी रहेगा और शीघ्र ही नगर क्षेत्र को निराश्रित गौवंशों की समस्या से राहत मिलेगी, जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button