ऋषिकेश पुलिस ने वाहन चोर गिरोह पर कसा शिकंजा, चोरी की बाइक समेत दो आरोपी गिरफ्तार
दो सप्ताह पहले काले की ढाल क्षेत्र से चुराई गई थी मोटरसाइकिल, दूसरी वारदात की फिराक में थे आरोपी; रात की चेकिंग में पुलिस ने दबोचा

ऋषिकेश,10 जुलाई(दिलीप शर्मा): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, काले की ढाल निवासी उपासना पत्नी प्रदीप कुमार ने अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या UK14F-3429) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 280/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 9 जुलाई की रात चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर गोल चक्कर से लेबर कॉलोनी तिराहे की ओर जा रहे दो संदिग्ध युवकों को चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप रावत (25 वर्ष) निवासी मूल ग्राम मौलखंडी, थाना सतपुली, जनपद पौड़ी गढ़वाल (हाल निवासी गाजीवाली, श्यामपुर, हरिद्वार) तथा विशाल पाल (27 वर्ष) निवासी ग्राम गाजीवाली, थाना श्यामपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने करीब दो सप्ताह पहले काले की ढाल क्षेत्र से उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दूसरी बाइक चोरी करने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम मे
- उपनिरीक्षक राजकुमार,
- कांस्टेबल प्रदीप कुमार तथा
- कांस्टेबल सौरभ चौहान शामिल रहे।










