उत्तराखंडटिहरी गढ़वालविकास कार्य

जनपद के समग्र विकास के लिए रोडमैप तैयार करने पर जोर, जिला पंचायत की सामान्य बैठक संपन्न

जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने डिजिटल शिक्षा, ई-गवर्नेंस, रिवर्स माइग्रेशन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बताया प्राथमिकता

नई टिहरी,10 जुलाई(दिलीप शर्मा): जिला पंचायत टिहरी गढ़वाल की सामान्य बैठक शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार, बौराड़ी में आयोजित हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए समग्र विकास के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार करने, डिजिटल शिक्षा, ई-गवर्नेंस, रिवर्स माइग्रेशन तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे विषयों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित जिला पंचायत सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, परिवहन, जल निगम, वन, जल संस्थान, शिक्षा, चिकित्सा, विद्युत, समाज कल्याण, पर्यटन समेत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

स्मार्ट क्लास और तकनीक आधारित सेवाओं पर विशेष जोर

जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने कहा कि केवल समस्याओं की पहचान करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके प्रभावी समाधान को धरातल पर उतारना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पंचायतों के विकास के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर बल देते हुए प्रत्येक विद्यालय में स्मार्ट क्लास स्थापित करने, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने, रिवर्स माइग्रेशन को प्रोत्साहित करने तथा ई-गवर्नेंस के माध्यम से विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की बात कही।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को जन आंदोलन बनाने की अपील

उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही जनप्रतिनिधियों और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जिला पंचायत सदस्यों को प्रशासनिक बैठकों में शामिल करने की मांग

जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने कहा कि प्रशासन की महत्वपूर्ण बैठकों में जिला पंचायत सदस्यों को भी आमंत्रित किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें विकास योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से रख सकें।

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने विभागीय समन्वय को मजबूत करने और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।

सदस्यों ने उठाए सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े मुद्दे

बैठक में जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं सुधारीकरण, जीआईसी भेण्डखाल में रसायन विज्ञान के शिक्षक की नियुक्ति, सीएचसी कण्डीसौड़ में नियमित अल्ट्रासाउंड सुविधा और पीएचसी भेण्डखाल में 108 एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

वार्ड-02 की सदस्य शैला रमोला ने वर्ष 2014 से स्वीकृत कोरड़ी-दुरांशखण्डा मोटर मार्ग का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि सड़क के अभाव में ग्रामीणों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं, बीमारों और बुजुर्गों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

वहीं वार्ड-27 के सदस्य आशीष जोशी ने पटूड़ी गांव में सामुदायिक भवन एवं शौचालय निर्माण, हम्माणी देवी मोटर मार्ग से अवैध बैरियर हटाने तथा बुढ़ा-बुचन-बधाई पुल का शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की। उन्होंने बरसात से पहले पुल क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में जनपद से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख चंबा सुमन सजवाण, ब्लॉक प्रमुख जौनपुर सीता पंवार, विभिन्न ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button