
ऋषिकेश/श्यामपुर, 1 मार्च(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खदरी खड़क माफ ग्राम सभा के वार्ड नंबर 2 में विधायक निधि से स्वीकृत विकास कार्यों का शनिवार को विधायक ऋषिकेश एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुस्ता निर्माण सहित अन्य कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं को देखते हुए डॉ अग्रवाल ने विधायक निधि से 15 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की थी। वर्तमान में उक्त धनराशि से पुस्ता निर्माण कार्य संचालित है, जिससे क्षेत्र के लगभग 22 से 25 परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराए जाएं, ताकि स्थानीय निवासियों को शीघ्र लाभ मिल सके।
इस अवसर पर डॉ अग्रवाल ने कहा कि जैसे ही उन्हें क्षेत्रवासियों की कठिन परिस्थितियों की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए विधायक निधि से धनराशि स्वीकृत की। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में सुरक्षा एवं सुविधा दोनों में सुधार होगा।
उन्होंने दोहराया कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे निरंतर प्रतिबद्ध हैं। भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाएगा।









