उत्तराखंडमुनि की रेती

योग से निरोगी जीवन की ओर: उत्तराखंड स्थापना दिवस रजत जयंती पर मुनिकीरेती-ढालवाला में योग शिविर आयोजित

“स्वच्छ उत्तराखंड–स्वस्थ उत्तराखंड अभियान” के तहत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में पहल

मुनिकीरेती-ढालवाला (दिलीप शर्मा) : उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती समारोह के तहत “स्वच्छ उत्तराखंड–स्वस्थ उत्तराखंड अभियान” के क्रम में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने शुक्रवार को योगा पार्क मुनिकीरेती में योग शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने किया।

 

उन्होंने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुनिकीरेती और रामझूला क्षेत्र अध्यात्म व योग की नगरी के रूप में विश्व प्रसिद्ध हैं। यहां प्रतिवर्ष देश-विदेश से बड़ी संख्या में सैलानी योग और आध्यात्मिक साधना के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है, जिससे निरोगी जीवन जिया जा सकता है।

 

इस अवसर पर पीजी कॉलेज ऋषिकेश की अध्यापिका चंद्रेश्वरी ने प्रतिभागियों को नाड़ी शोधन प्राणायाम और भ्रामरी प्राणायाम करवाया। वहीं यूआईपीएस एकेडमी की छात्राओं गौरी और कनिका ने सूर्य नमस्कार और हठ योग का अभ्यास कराया।

नगर पालिका परिषद द्वारा उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 02 नवंबर से 09 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया जा रहा है।

शिविर में मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, जितेंद्र सिंह सजवाण, सफाई सुपरवाइजर महिपाल समेत अनेक अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button