उत्तराखंडऋषिकेश

अमित शाह की हरिद्वार जनसभा को लेकर भाजपा की तैयारियां तेज, ऋषिकेश में कार्यकर्ताओं की बैठकें

विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने विभिन्न मंडलों में की समीक्षा, ऋषिकेश से 4000 से अधिक कार्यकर्ताओं को ले जाने की योजना

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): आगामी 7 मार्च को हरिद्वार में आयोजित होने वाली केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की विशाल जनसभा को सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न मंडलों में बैठकों का आयोजन कर तैयारियों की समीक्षा की।

शुक्रवार को आयोजित बैठकों में डॉ. अग्रवाल ने ऋषिकेश मंडल, वीरभद्र मंडल, श्यामपुर मंडल तथा रायवाला मंडल के हरीपुर सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। इस दौरान उन्होंने जनसभा को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर चल रही तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि हरिद्वार में होने वाली यह जनसभा संगठन की शक्ति का प्रदर्शन होने के साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि मंडलों, बूथों और शक्ति केंद्रों पर सक्रिय संपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को जनसभा में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने बताया कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से लगभग 4000 से अधिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों को हरिद्वार में आयोजित रैली में ले जाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए वाहनों की व्यवस्था, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की जा रही है।

जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का उत्तराखंड आगमन कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और प्रेरणा का विषय है। उनकी जनसभा से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी समय में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी।

बैठक में जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चमन पोखरियाल, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट सहित जिला एवं मंडल प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, पार्षदगण और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर जनसभा को ऐतिहासिक और सफल बनाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button