उत्तराखंडहरिद्वार

हरिद्वार में अमित शाह का बड़ा बयान: उत्तराखंड में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार

धामी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण रोकने के कदमों का किया उल्लेख

हरिद्वार, 7 मार्च (दिलीप शर्मा): केंद्रीय सहकारिता एवं गृहमंत्री Amit Shah ने शनिवार को धर्मनगरी हरिद्वार में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तराखंड के विकास और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की रामपुर घटना को प्रदेशवासी आज भी नहीं भूले हैं और उस समय विरोधी दल यह सवाल उठाते थे कि छोटे राज्य कैसे टिकेंगे और उनकी अर्थव्यवस्था कैसे चलेगी।

अमित शाह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि के कारण बने नए राज्य उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और झारखंड आज विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में जनता का भरोसा भारतीय जनता पार्टी पर है और प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

इस दौरान शाह ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने हमेशा युवाओं का दमन करने का काम किया है, जबकि भाजपा सरकार युवाओं को अवसर देने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने का कार्य कर रही है।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी  के नेतृत्व वाली सरकार ने पिछले चार वर्षों में कई महत्वपूर्ण समस्याओं का समाधान किया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं के आत्मसम्मान की रक्षा की है और भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड में धर्मांतरण रोकने को लेकर महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं, जिससे सामाजिक संतुलन और व्यवस्था मजबूत हुई है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी अपने विचार रखे और प्रदेश सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों को जनता के सामने रखा।

Related Articles

Back to top button