उत्तराखंडटिहरी गढ़वालप्रतियोगिता

ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक राफ्टिंग प्रतियोगिता, गंगा की लहरों पर दिखा साहस और रोमांच

टिहरी झील महोत्सव ‘हिमालय O2’ के तीसरे दिन 100 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, प्रोफेशनल व टूरिस्ट कैटेगरी में विजेताओं को मिला नकद पुरस्कार

 

 

टिहरी/मुनिकीरेती, 08 मार्च (दिलीप शर्मा): जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल के विशेष प्रयासों से आयोजित टिहरी झील महोत्सव 2026 ‘हिमालय O2’ के तीसरे दिन गंगा की लहरों पर रोमांच और साहस का अनोखा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रोफेशनल और पर्यटक श्रेणी के करीब 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

 

प्रतियोगिता का शुभारंभ उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और नगर पंचायत तपोवन अध्यक्ष विनीता बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया। गंगा की कलकल ध्वनि के बीच प्रतिभागियों ने तेज धाराओं में राफ्टिंग करते हुए अपने साहस और कौशल का प्रदर्शन किया।

 

राफ्टिंग के दौरान एक ओर जहां युवा एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाते नजर आए, वहीं दूसरी ओर गंगा तट के आसपास फैली प्राकृतिक सुंदरता ने पूरे माहौल को और आकर्षक बना दिया।

 

9 किलोमीटर का सुरक्षित राफ्टिंग रूट

ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक लगभग 9 किलोमीटर लंबा राफ्टिंग मार्ग है, जिसे शुरुआती और सामान्य रोमांच चाहने वाले पर्यटकों के लिए उपयुक्त माना जाता है। इस रूट पर हल्के-फुल्के रैपिड्स और गंगा की प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को विशेष आकर्षित करती है।

पर्यटन विभाग और गंगा राफ्टिंग प्रबंधन समिति की देखरेख में राफ्टिंग गतिविधियां संचालित की जाती हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रशिक्षित गाइड, लाइफ जैकेट और कयाकर्स तैनात रहते हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।

एडवेंचर टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को जल साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं। रिवर राफ्टिंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से क्षेत्र को नए पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने और स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों की संभावनाएं भी हैं।

गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से रिवर राफ्टिंग गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है और ब्रह्मपुरी से खारास्रोत का रूट राफ्टिंग के लिए सबसे सुरक्षित मार्गों में से एक है।

प्रतिभागियों ने साझा किया अनुभव

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सहदेव राणा ने बताया कि यहां राफ्टिंग का अनुभव बेहद रोमांचक और साहसिक रहा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।

वहीं प्रतिभागी रविंद्र रावत ने कहा कि राफ्टिंग के शुरुआती प्रशिक्षण के दौरान इस तरह की प्रतियोगिताएं साहस और कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

विजेता प्रतिभागियों को मिला नकद पुरस्कार

प्रतियोगिता की प्रोफेशनल कैटेगरी में सहदेव राणा प्रथम, पंकज राणा द्वितीय और प्रीतम सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
टूरिस्ट कैटेगरी में जीएमवीएन प्रथम, संगम एडवेंचर द्वितीय और रिवर एक्सप्लोरर तृतीय स्थान पर रहे।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को एक लाख रुपये, द्वितीय को 50 हजार रुपये और तृतीय को 25 हजार रुपये की नकद धनराशि प्रदान की गई।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर डीएफओ नरेंद्रनगर दिगंथ नायक, तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, पटवारी तपोवन निधि थपलियाल, बीडीओ श्रुति वत्स, गंगा राफ्टिंग एसोसिएशन एवं गाइड एसोसिएशन के सदस्य, पुलिस विभाग से सचिन पुण्डीर, राजस्व विभाग के अधिकारी, वन दारोगा अंजलि, पंकज भट्ट सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मीडियाकर्मी मौजूद रहे।

साहसिक पर्यटन की नई संभावनाएं

इस तरह के जल साहसिक खेल आयोजनों से क्षेत्र में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी विकसित हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button