उत्तराखंडऋषिकेश

सर्वहारा नगर के गंदे नाले का विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया निरीक्षण

रंभा नदी के जरिए गंगा में मिल रहे गंदे पानी पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

ऋषिकेश, 8 मार्च(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने रविवार को सर्वहारा नगर क्षेत्र में बह रहे गंदे नाले का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि नाले का गंदा पानी रंभा नदी के माध्यम से पवित्र गंगा में मिल रहा है। इस स्थिति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने मौके से ही सहायक नगर आयुक्त (एस.एन.ए.) चंद्रकांत भट्ट से दूरभाष पर वार्ता कर मामले की जानकारी दी और निर्देशित किया कि नाले के गंदे पानी को सीधे नदी में जाने से रोकने के लिए जल्द से जल्द ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि गंगा और उसकी सहायक नदियों को प्रदूषण से बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को सर्वहारा नगर क्षेत्र में नाले की समुचित सफाई, बेहतर जल निकासी व्यवस्था और स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से भी स्वच्छता बनाए रखने तथा नालों में कूड़ा न डालने की अपील की।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और गंगा की निर्मलता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए प्रशासन को पूरी गंभीरता से कार्य करना होगा।

इस अवसर पर जय कुमार उपाध्याय, कुलदीप शर्मा, मनदीप खैरा, अनिल सिंह, आशुतोष सेन, केशव पोरवाल, मयंक डबराल और कुलदीप कुमार सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button