
ऋषिकेश, 9 मार्च (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सोमवार को अपने आवास पर गंगा अनुरक्षण इकाई हरिद्वार की परियोजना निदेशक मीनाक्षी मित्तल के साथ बैठक कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा की।
बैठक के दौरान ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर गली नंबर 3 और भगत सिंह कॉलोनी में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों से स्थानीय लोगों को हो रही परेशानियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि विकास कार्यों के दौरान आमजन को अनावश्यक असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाने चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवरेज लाइन से जुड़े कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही जिन सड़कों को कार्य के दौरान खोदा गया है, उन्हें शीघ्र दुरुस्त कर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। जनहित से जुड़े मुद्दों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।










