
हरिद्वार (दिलीप शर्मा): धर्मनगरी हरिद्वार में शांतिकुंज के पास हाईवे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फ्लाईओवर के पास एक बस और ट्रैक्टर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात शांतिकुंज के पास स्थित फ्लाईओवर पर बस और ट्रैक्टर के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद बस में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। इस दुर्घटना में अब तक एक व्यक्ति की मौत की सूचना सामने आई है, जबकि कई यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोगों ने भी साहस दिखाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।
वहीं बस में लगी आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। साथ ही यातायात को सुचारु कराने के प्रयास किए गए। पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बस में सवार यात्रियों की संख्या और घायलों की सही जानकारी जुटाई जा रही है।










