अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सवउत्तराखंड

परमार्थ निकेतन में इंटरनेशनल योग फेस्टिवल 2026 का भव्य शुभारम्भ

80 से अधिक देशों के 1500 से ज्यादा योग साधक जुटे, योग-ध्यान व आध्यात्मिक सत्रों से गूंजा गंगा तट

ऋषिकेश, 9 मार्च(दिलीप शर्मा): विश्व प्रसिद्ध इंटरनेशनल योग फेस्टिवल 2026 का शुभारम्भ सोमवार को परमार्थ निकेतन में आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह के साथ हुआ। एक सप्ताह तक चलने वाले इस महोत्सव में 80 से अधिक देशों के 1500 से अधिक योग साधक, योगाचार्य और जिज्ञासु शामिल हो रहे हैं। साथ ही 25 से अधिक देशों के राजदूत, उच्चायुक्त और राजनयिक भी इस आयोजन में भाग ले रहे हैं।

महोत्सव की शुरुआत प्रातःकाल माँ गंगा के पावन तट पर सैक्रेड सनराइज चेंटिंग और मंत्रोच्चार के साथ हुई। दिनभर योग, प्राणायाम, ध्यान, आध्यात्मिक प्रवचन और वैदिक अनुष्ठानों के साथ साधकों ने आध्यात्मिक साधना का अनुभव किया।

परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि योग मानवता को एक चेतना और एक वैश्विक परिवार के रूप में जोड़ने की शक्ति है। उन्होंने कहा कि आज जब विश्व विभाजन और तनाव से जूझ रहा है, तब योग ही शांति, संतुलन और समरसता का मार्ग दिखाता है।

योग महोत्सव की निदेशक साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा कि दुनिया की चुनौतियों और असंतुलन को प्रेम और साधना के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा में बदला जा सकता है। योग साधना हमें भीतर की शांति और संतुलन से जोड़ती है।

महोत्सव के दौरान विश्वप्रसिद्ध योगाचार्या शिवा रे, आनंद मेहरोत्रा, टॉमी रोसेन सहित कई अंतरराष्ट्रीय योग गुरुओं ने योग, ध्यान और आध्यात्मिक जीवन पर विशेष सत्र आयोजित किए। प्रतिभागियों ने हठ योग, प्राणायाम, कुंडलिनी योग, चक्र बैलेंसिंग, नाद योग और साउंड हीलिंग जैसे सत्रों में भाग लिया।

संध्याकालीन कार्यक्रमों में गंगा आरती के बाद मल्लखंभ की रोमांचक प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा सप्ताह भर ड्रम वादक शिवमणि, गायिका रूना रिजवी, राधिका दास, सुधांशु शर्मा, साइमन ग्लोड तथा पद्मश्री गायक कैलाश खेर और कैलासा बैंड की प्रस्तुतियां भी होंगी।

Related Articles

Back to top button