टिहरी झील महोत्सव–2026 का समापन: खारास्रोत आस्था पथ पर काइट फेस्टिवल बना आकर्षण
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बच्चों व पर्यटकों को पतंग बांटकर किया शुभारम्भ, रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को वितरित किए गए पुरस्कार

ऋषिकेश/मुनिकीरेती, 9 मार्च (दिलीप शर्मा): टिहरी झील महोत्सव–2026 के सफल आयोजन के अंतिम दिन सोमवार को मुनिकीरेती स्थित पूर्णानंद घाट के समीप खारास्रोत आस्था पथ पर भव्य काइट फेस्टिवल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने स्कूली बच्चों, विदेशी पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पतंग वितरित कर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि गंगा हमारी लाइफ लाइन है और इसके बिना हमारा जीवन अधूरा है। इसलिए गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के टिहरी भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन में इस वर्ष टिहरी झील महोत्सव में जनपद के सभी हिस्सों को जोड़ने का प्रयास किया गया है। साथ ही पुरानी टिहरी शहर की स्मृतियों को संजोते हुए देव डोलियों का संगम कराने और जनपद के प्रमुख ट्रैक रूटों को जोड़कर उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति को संरक्षित करने की पहल की गई है।
उन्होंने कहा कि संस्कृति हमारी अमूल्य धरोहर है, इसलिए नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से परिचित कराना आवश्यक है। सभी के सहयोग से चार दिवसीय टिहरी झील महोत्सव सफलतापूर्वक सम्पन्न होने जा रहा है।
संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने की सराहना
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि टिहरी झील महोत्सव के माध्यम से जिला प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने, बेहतर व्यवस्थाएं करने तथा संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने का सराहनीय कार्य किया है।
वहीं नगर पंचायत तपोवन की अध्यक्ष विनीता बिष्ट ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं का ज्ञान मिल सके।

रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को मिला पुरस्कार
महोत्सव के तहत रविवार को आयोजित रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को कार्यक्रम के दौरान चेक वितरित किए गए। टूरिस्ट कैटेगरी में 25 टीमों ने पंजीकरण कराया, जिसमें गढ़वाल मंडल विकास निगम की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि संगम एडवेंचर द्वितीय और रिवर एक्सप्लोरर टीम तृतीय स्थान पर रही।
वहीं प्रोफेशनल कैटेगरी में 98 टीमों ने भाग लिया, जिसमें रेड चिल्ली टीम प्रथम, नेचर रैपिड एक्सपेडिशन द्वितीय और पैरामाउंट टूर टीम तृतीय स्थान पर रही।

बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मोहा मन
कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय और जूनियर हाई स्कूल ढालवाला के बच्चों ने स्वागत गीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर सैकड़ों लोगों ने पतंगबाजी का आनंद लिया और महोत्सव के समापन दिवस को उत्साह के साथ मनाया।
कार्यक्रम में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, डीएफओ मुनिकीरेती दिगांत, जिला सुचना अधिकारी टिहरी दर्भनीता शर्मा, परमार्थ निकेतन प्रतिनिधि दीपक, वार्ड सदस्य विनोद सकलानी, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, एसडीएम आशीष घिल्डियाल, खंड विकास अधिकारी श्रुति वत्स, तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, राजस्व उप निरिक्षक तपोवान निधि थपलियाल, ईओ मुनिकीरेती अंकिता जोशी, ईओ तपोवन अंजलि रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय नागरिक, विदेशी पर्यटक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।










