उत्तराखंडऋषिकेशक्राइमपुलिस बुलेटिन

ऋषिकेश में नशे के कारोबार का वीडियो वायरल करने पर दंपत्ति पर हमला, चार लोगों पर मुकदमा दर्ज

सोशल मीडिया पर वीडियो डालने से नाराज आरोपियों ने दी जान से मारने की धमकी, मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप; सोने की चेन छीनने की भी शिकायत

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : कोतवाली ऋषिकेश से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार से संबंधित वीडियो प्रसारित करने के बाद एक व्यक्ति और उसकी पत्नी के साथ मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार 9 मार्च 2026 को श्रीमती किरण यादव, पत्नी चन्द्रेश्वर यादव, निवासी चन्द्रेश्वर नगर, ऋषिकेश ने कोतवाली ऋषिकेश में लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि उनके पति चन्द्रेश्वर यादव द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध नशे के व्यापार से संबंधित एक वीडियो प्रसारित किया गया था।

आरोप है कि इससे नाराज होकर संदीप साहनी उर्फ मच्छर, राधेश्याम, सुनील और लालबहादुर सहित अन्य व्यक्तियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। साथ ही मारपीट कर हत्या का प्रयास किया गया और महिला के साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस दौरान आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली।

तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 92/2026 के तहत धारा 109(1), 351(3), 304(2), 75(1)(iv) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है।

मामले की विवेचना उपनिरीक्षक बिनेश कुमार द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button