
ऋषिकेश, 12 मार्च (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री Premchand Aggarwal ने गुरुवार प्रातः गैरसैंण (भराड़ी सैण) स्थित मुख्यमंत्री आवास पर प्रदेश के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के बापूग्राम सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े वनभूमि प्रकरण को कैबिनेट में लाने तथा विधानसभा सदन में इसकी घोषणा करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के बापूग्राम सहित प्रदेश के कई इलाकों में लंबे समय से वनभूमि से संबंधित समस्याएं बनी हुई हैं। इसके कारण स्थानीय लोगों को वर्षों से असमंजस और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस विषय को उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान सदन में प्रमुखता से उठाया था।
उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले का संज्ञान लेते हुए इसे कैबिनेट में लाने और समाधान की दिशा में कदम बढ़ाने की पहल की है, जो प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत भरी खबर है। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा इस विषय को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक पहल करना प्रदेश की जनता के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार जल्द ही इस विषय पर ठोस निर्णय लेकर प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को राहत प्रदान करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि वह लगातार क्षेत्र की जनसमस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाते रहे हैं और आगे भी जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते रहेंगे।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा इस विषय को प्राथमिकता देते हुए समाधान की दिशा में आगे बढ़ना प्रदेश के विकास और जनहित के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।










