अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सवउत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

जीएमवीएन मुनिकरेती मे 16 से 22 मार्च तक होगा अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव 2026

सीएम धामी करेंगे उद्घाटन, योगाचार्यों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी रहेगी श्रृंखला

मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): मुनि की रेती में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव–2026 की तैयारियों को लेकर गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन ने पत्रकारों से मुलाकात कर आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव 16 मार्च से 22 मार्च तक भव्य और दिव्य रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय जनता की सहभागिता के साथ देश-विदेश से आने वाले मेहमानों का स्वागत उत्तराखंड की परंपरा और संस्कृति के अनुरूप किया जाएगा।

 

प्रबंध निदेशक ने बताया कि 16 मार्च को प्रातः 10 बजे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के मंत्री और विधायक भी शामिल हो सकते हैं। एक सप्ताह तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन योग, प्राणायाम और योग के विभिन्न आयामों पर विद्वान योगाचार्यों द्वारा योग साधकों के साथ ज्ञान और अनुभव साझा किए जाएंगे।

महेश योगी आश्रम में भी होगी विशेष योग कक्षा

इस बार महोत्सव के दौरान महेश योगी आश्रम (स्वर्गाश्रम, पौड़ी) में भी विशेष योग कक्षा का आयोजन किया जाएगा, ताकि पर्यटकों और योग साधकों को इस ऐतिहासिक धरोहर के महत्व से अवगत कराया जा सके और इसे हैरिटेज के रूप में विकसित कर पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके।

सात दिन, सात विषयों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान

महोत्सव के दौरान सप्ताह के सातों दिन अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा संबोधन दिया जाएगा, जिसमें प्रतिभागी अपनी जिज्ञासाएं साझा कर समाधान प्राप्त कर सकेंगे। प्रतिदिन शाम को नियमित गंगा आरती के बाद भक्ति संगीत, भजन संध्या और उत्तराखंड सहित देश की समृद्ध संस्कृति और सभ्यता से परिचित कराने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

इन कार्यक्रमों में प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा, उत्तराखंड के लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी तथा इस्कॉन की भक्ति टीम सहित अन्य सांस्कृतिक दल प्रस्तुति देंगे। योग और अध्यात्म के साथ भक्ति और सांस्कृतिक रंगों की छटा भी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी।

क्रॉस कंट्री दौड़ का भी होगा आयोजन

महोत्सव के दौरान एक क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन भी किया जाएगा। यह दौड़ गंगा रिजॉर्ट से प्रारंभ होकर राम झूला, मैरीन ड्राइव, स्वर्गाश्रम और जानकी सेतु होते हुए पुनः गंगा रिजॉर्ट में समाप्त होगी।

25 योग संस्थानों ने दिया सहभागिता का आश्वासन

प्रतीक जैन ने बताया कि अब तक 25 योग संस्थानों से संपर्क किया गया है और उनके योग साधकों ने महोत्सव में भाग लेने का आश्वासन दिया है। इस दौरान कई प्रसिद्ध योगाचार्य अपने अनुभव साझा करेंगे। इनमें विपिन जोशी, लक्ष्मी नारायण जोशी, डॉ. मनोज रांगड़ (ओशो), श्री श्री रविशंकर के आर्ट ऑफ लिविंग, गायत्री परिवार शांतिकुंज और पतंजलि योगपीठ से जुड़े विशेषज्ञों के शामिल होने की संभावना है।

22 मार्च को राज्यपाल की मौजूदगी में होगा समापन

अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव का समापन 22 मार्च को उत्तराखंड के राज्यपाल और अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में किया जाएगा।

प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में महाप्रबंधक प्रशासन लक्ष्मी राज चौहान, उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, कंपनी सचिव कनिका आनंद सहित निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button