तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल की माता सुशीला देवी का निधन, पूर्णानंद घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
82 वर्ष की आयु में देहरादून स्थित आवास पर ली अंतिम सांस, बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल

नरेंद्रनगर, 12 मार्च(दिलीप शर्मा): नरेंद्रनगर के तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल की माता श्रीमती सुशीला देवी का विगत रात्रि उनके निवास स्थान नथुवावाला, देहरादून में निधन हो गया। वह 82 वर्ष की थीं और पिछले दो सप्ताह से अस्वस्थ चल रही थीं।
परिजनों के अनुसार सुशीला देवी का उपचार देहरादून के कैलाश हॉस्पिटल में चल रहा था, लेकिन बुधवार रात्रि करीब 11 बजे उन्होंने घर पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को ऋषिकेश के पूर्णानंद घाट पर किया गया, जहां उनके दोनों पुत्र अयोध्या प्रसाद उनियाल और अरविंद उनियाल ने नम आंखों से माता की चिता को मुखाग्नि दी।
स्व. सुशीला देवी अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके निधन से परिवार में शोक की लहर है, वहीं नरेंद्रनगर और उनके पैतृक गांव खाल-खड़करी नकोट में भी शोक व्यक्त किया जा रहा है।
परिजनों और परिचितों के अनुसार सुशीला देवी एक सरल, नेक और व्यवहार कुशल महिला थीं। उनकी कर्मठता, सादगी और मृदु स्वभाव के कारण लोग उन्हें लंबे समय तक याद करते रहेंगे।
अंतिम यात्रा में उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घीड़ियाल, नगर पालिका मुनिकीरेती के पूर्व अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, समाजसेवी बच्चन पोखरियाल, हिमांशु बिजल्वाण, विनोद तिवारी, राजेंद्र सिंह रावत, दर्शन काला, दीपक बिजल्वाण, विवेक जोशी, प्रकाश डियूडी, राजेंद्र गुसाई, देवेंद्र चौधरी, आशीष सेमवाल, मस्तराम डोभाल, रमेश रतूड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।










