
ऋषिकेश, 14 मार्च (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल के ऋषिकेश पहुंचने पर वीरभद्र मंडल और क्षेत्रीय जनता ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और मालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सुमन ने कहा कि डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गैरसैंण (भराड़ीसैण) में आयोजित विधानसभा के बजट सत्र के दौरान ऋषिकेश क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता के साथ सदन में उठाया। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से बापूग्राम सहित अन्य क्षेत्रों की वनभूमि से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए डॉ. अग्रवाल ने सरकार का ध्यान आकर्षित किया और उनके निस्तारण के लिए सार्थक पहल की।
सुरेंद्र सिंह सुमन ने कहा कि डॉ. अग्रवाल के प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है और जनता की समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। इसी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए वीरभद्र मंडल और क्षेत्र की जनता की ओर से उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश के समग्र विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए वह सदैव प्रतिबद्ध हैं तथा आगे भी निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
कार्यक्रम में वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सुमन, गोविंद सिंह रावत, हर्षवर्धन रावत, रमेश जुगलान, अनीता प्रधान, पूनम डोभाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।










