उत्तराखंडऋषिकेश

ऋषिकेश में अत्याधुनिक LiDAR ड्रोन सर्वे शुरू, ‘डिजिटल ट्विन’ बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल

IUIDR परियोजना के तहत पूरे शहर का तैयार होगा सटीक 3D मैप; प्रॉपर्टी टैक्स निर्धारण और शहरी विकास योजनाओं में मिलेगी बड़ी मदद

ऋषिकेश,14 मार्च (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश शहर के समग्र और आधुनिक शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण तकनीकी पहल करते हुए अत्याधुनिक LiDAR ड्रोन सर्वे का शुभारंभ किया गया। KfW द्वारा वित्तपोषित IUIDR (Integrated Urban Infrastructure Development in Rishikesh) परियोजना के अंतर्गत त्रिवेणी घाट के समीप चंद्रभागा संगम पर आयोजित कार्यक्रम में ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने इस हाई-टेक सर्वे का विधिवत उद्घाटन किया।

 

शहर के बुनियादी ढांचे को विश्वस्तरीय बनाने के उद्देश्य से इतने बड़े स्तर पर इस प्रकार का उन्नत तकनीकी सर्वे पहली बार किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से पूरे ऋषिकेश का अत्यंत सटीक डिजिटल डेटा तैयार किया जाएगा, जो भविष्य में शहरी विकास की योजनाओं के लिए आधार बनेगा।

डिजिटल ट्विन कॉन्सेप्ट को मिलेगा आकार
महापौर शंभू पासवान के मार्गदर्शन, प्रोग्राम डायरेक्टर अभिषेक रुहेला के निर्देशन और परियोजना प्रबंधक इंजीनियर जतिन सैनी के नेतृत्व में उत्तराखंड में पहली बार ‘डिजिटल ट्विन’ की आधुनिक अवधारणा को लागू करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

3D मैपिंग से मिलेगा सटीक डेटा
मौके पर मौजूद टीम के सदस्य और जीआईएस विशेषज्ञ अंकित सिंह ने बताया कि LiDAR तकनीक और ऑब्लिक RGB सर्वे के संयोजन से पूरे ऋषिकेश शहर की प्रत्येक इमारत का फ्लोर स्तर तक अत्यंत सटीक 3D मैप तैयार किया जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि इस 3D डेटा को भविष्य में हाउसहोल्ड सर्वे के आंकड़ों के साथ जोड़ा जाएगा, जिससे नगर निगम को एक आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध होगा। इसके माध्यम से प्रॉपर्टी टैक्स का सटीक निर्धारण और पारदर्शी वसूली सुनिश्चित की जा सकेगी।

स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को मिलेगा बढ़ावा
इस तकनीक के माध्यम से शहर में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग, बड़े स्तर पर डेटा संकलन और भविष्य की परियोजनाओं के लिए मजबूत बेसलाइन तैयार की जा सकेगी।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह पहल ऋषिकेश में स्मार्ट और एकीकृत शहरी बुनियादी ढांचे के विकास को नई दिशा देने के साथ ही आधुनिक तकनीक के उपयोग का महत्वपूर्ण उदाहरण भी बनेगी।

Related Articles

Back to top button