
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): एम्स के पीछे स्थित शिवाजी नगर क्षेत्र से एक मैक्स बोलेरो (जीप) चोरी होने का मामला सामने आया है। वाहन स्वामी ने इस संबंध में एम्स चौकी पुलिस को लिखित शिकायत देकर वाहन की बरामदगी की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता नरेंद्र सिंह नेगी पुत्र स्वर्गीय मंगल सिंह नेगी निवासी 20 बीघा, गली नंबर-3, बापू ग्राम, ऋषिकेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे उनके ड्राइवर शिवम सरदार ने उनकी मैक्स बोलेरो जीप (वाहन संख्या UK07 TC 1050) को शिवाजी नगर में मुख्य मार्ग पर जमन सिंह रावत के घर के पास खड़ा किया था। वाहन के कागजात और चाबी ड्राइवर के पास ही थे।
उन्होंने बताया कि 15 मार्च की सुबह करीब 4:15 बजे जब ड्राइवर यूनियन में हाजिरी के लिए वाहन लेने पहुंचा तो गाड़ी वहां से गायब मिली। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें वाहन रात 12:18 बजे मधुबन डेयरी के पास से आईडीपीएल की ओर जाता हुआ दिखाई दे रहा है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करते हुए वाहन की जल्द बरामदगी की मांग की है।
वहीं शिवाजी नगर के स्थानीय पार्षद सुरेंद्र सिंह सूरी ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में इस तरह की चोरी की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच कर वाहन बरामद करने और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।










