परमार्थ निकेतन में अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव 2026 का भव्य समापन
80 देशों के 1500 से अधिक योग साधकों की सहभागिता, राज्यपाल और मुख्यमंत्री रहे उपस्थित

ऋषिकेश, 16 मार्च(दिलीप शर्मा): परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव 2026 का भव्य एवं ऐतिहासिक समापन हो गया। सात दिनों तक चले इस महोत्सव में विश्व के 80 से अधिक देशों से आए लगभग 1500 योग साधकों, 75 योगाचार्यों तथा 35 देशों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। समापन अवसर पर उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

महोत्सव के दौरान 150 से अधिक योग कक्षाएं, कार्यशालाएं, प्रवचन और संवाद सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम में पद्मश्री कैलाश खेर और कैलासा बैंड, प्रसिद्ध ड्रम वादक शिवमणि, गायिका रूना रिजवी, भजन गायक राधिका दास सहित कई कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं और साधकों को मंत्रमुग्ध किया।
परमार्थ निकेतन के परम पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती और साध्वी भगवती सरस्वती के नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव को भारत सरकार के आयुष मंत्रालय और पर्यटन मंत्रालय (इन्क्रेडिबल इंडिया) का सहयोग मिला।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि योग सम्पूर्ण मानवता को जोड़ने वाला माध्यम है और यह विश्व शांति का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र और रुद्राक्ष माला भेंट कर आशीर्वाद दिया।
समापन के बाद विभिन्न देशों से आए योग साधक भावुक मन से माँ गंगा के पावन तट से विदा हुए और अपने साथ योग, शांति तथा सनातन मूल्यों का संदेश लेकर अपने-अपने देशों को लौटे।










