मुनि की रेती में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का दूसरा दिन, जीएमवीएन ने मीडिया सहयोग के लिए जताया आभार
योग, प्राणायाम और प्राकृतिक चिकित्सा के साथ वैश्विक सहभागिता; पत्रकारों को 50% छूट और समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन



मुनिकरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): मुनि की रेती में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के दूसरे दिन “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें गढ़वाल मण्डल विकास निगम (जीएमवीएन) के प्रबंध निदेशक ने मीडिया समूहों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योग महोत्सव का शुभारंभ भव्य, दिव्य और नवाचारपूर्ण तरीके से हुआ, जिससे प्रतिदिन योग साधकों को योग, प्राणायाम, प्राकृतिक चिकित्सा सहित नई-नई विधाओं को सीखने का अवसर मिल रहा है।
प्रबंध निदेशक श्री जैन ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन विभिन्न विद्वान योगाचार्यों ने अपने अनुभव योग साधकों के साथ साझा किए। आयोजन समिति के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि हैरिटेज ग्रुप के अंतर्गत 35-40 देशी-विदेशी प्रतिभागी जानकी चट्टी, स्वर्गाश्रम होते हुए चौरासी कुटिया (बीटल्स आश्रम) में योग शिविर की विशेष कक्षाओं में भाग लेंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष परमार्थ निकेतन के बाद पर्यटन विभाग के सहयोग से योग महोत्सव की मेजबानी गढ़वाल मण्डल विकास निगम द्वारा की जा रही है, जो 16 मार्च से 22 मार्च तक जनसहभागिता के साथ आयोजित होगा।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि प्रेस वार्ता का उद्देश्य मीडिया की समस्याओं और सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है। इस दौरान पत्रकारों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही, मीडिया प्रतिनिधियों को योग शिविर में भाग लेने पर 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा भी की गई।
उन्होंने बेहतर कवरेज के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े सभी पत्रकारों का आभार जताते हुए कहा कि जनसहभागिता और मीडिया सहयोग से ही इस आयोजन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने बताया कि आज सायं प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा की भजन संध्या आयोजित की जाएगी। पत्रकारों के अनुरोध पर उन्होंने कहा कि अनूप जलोटा से 5-10 मिनट की मुलाकात कराने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में महाप्रबंधक प्रशासन लक्ष्मी राज चौहान, सीएस कनिका आनन्द, मेहरबान सिंह रांगड़, दीपक रावत, आशीष उनियाल, जोगेंद्र लाल, सूर्य प्रकाश कोठारी, कैलाश कोठारी, दिवाकर सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।










