अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सवउत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

मौसम की चुनौती के बीच योग साधकों का उत्साह बरकरार, दूसरे दिन योगाचार्यों ने बिखेरा साधना का जादू

मेडिटेशन, प्राणायाम, योग थेरेपी से लेकर सांस्कृतिक संध्या तक विविध कार्यक्रम; आज बसंती बिष्ट और अनूप जलोटा का विशेष आयोजन

मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): मुनि की रेती में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव के दूसरे दिन तेज हवा और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद योग साधकों का उत्साह देखने लायक रहा। सुबह से ही विभिन्न सत्रों में प्रतिभागियों ने गणेश षोडश मात्र पूजन, विष्णु सहस्रनाम पाठ और हवन में भाग लेकर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।

प्रथम सत्र में योग गुरु डॉ. विपिन जोशी ने मेडिटेशन की बारीकियां समझाईं, वहीं आर्ट ऑफ लिविंग की सुदर्शन क्रिया, उषा माता द्वारा अयंगर योग तथा जयेंद्र सरस्वती ने योग, प्राणायाम, साधना और समाधि पर विस्तार से जानकारी दी। ओशो ध्यान से जुड़े स्वामी बोधी बर्धमान (डॉ. मनोज रांगड़) ने ध्यान की गहराइयों से अवगत कराया।

इसके साथ ही डॉ. सुरेंद्र रयाल ने योग थेरेपी, डॉ. उर्मिला पांडेय ने हीलिंग ज्ञान, लक्ष्मी नारायण जोशी ने योग एवं हेल्थ लाइफस्टाइल तथा योगी डॉ. महेश ने शारीरिक योग के महत्व पर अपने अनुभव साझा किए।

गंगा रिजॉर्ट में आयोजित विभिन्न वैन्यू हॉल में साधकों ने अपनी रुचि के अनुसार सत्रों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन ने कार्यक्रमों की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

शाम को पद्मश्री बसंती बिष्ट का जागर कार्यक्रम तथा विश्व प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।

कार्यक्रम की सफलता में महाप्रबंधक लक्ष्मी राज चौहान, कनिका आनंद, आशुतोष नेगी, राजेंद्र ढोंडियाल, मुकेश उनियाल, इंद्र मोहन नेगी, सर्वजीत सिंह सहित निगम के अन्य कर्मचारी और टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप इवेंट्स मैनेजर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button