अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के चतुर्थ दिवस पर हिन्दू नवसंवत्सर व नवरात्रि शुभारम्भ की धूम
गणेश स्तुति, हवन-यज्ञ के साथ मनाया गया उत्सव, योग साधकों ने विश्व शांति व समृद्धि की कामना की


मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): मुनि की रेती में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के चतुर्थ दिवस की शुरुआत ब्रह्ममुहूर्त में गणेश स्तुति, हवन एवं यज्ञ के साथ हुई। इस अवसर पर हिन्दू नवसंवत्सर एवं नवरात्रि के शुभारम्भ को लेकर योगाचार्यों और योग साधकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए परंपरागत तरीके से गुलाब के फूलों की वर्षा कर महाउत्सव मनाया तथा विश्व, राष्ट्र और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

निगम के प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन ने योग साधकों के उत्साह की सराहना करते हुए सभी को हिन्दू नववर्ष एवं माँ सिद्धिदात्री नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा को जीवंत करते हुए पुष्प वर्षा के साथ विश्व कल्याण एवं वैश्विक शांति की प्रार्थना की गई।

योग सत्रों में स्वामी अखण्डानंद ने कुंडलिनी योग, आर्ट ऑफ लिविंग के योगगुरु ने सुदर्शन क्रिया तथा जितानंद जी ने कठिन योग व प्राणायाम की विधियां सिखाईं। इसके अलावा देश-विदेश से आए प्रतिभागियों को हेरिटेज वॉक के माध्यम से बीटल्स आश्रम में योग और ध्यान के रहस्यों से अवगत कराया गया।
अयंगर योग साधिका उषा माता ने शारीरिक योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया, जबकि डॉ. ओम नारायण तिवाड़ी ने पंचकोश और मेडिटेशन, योगी जयदेवन ने मानसिक स्वास्थ्य, डॉ. अमृत राज ने आयुर्वेद तथा डॉ. योगी महेश ने योग साधना के महत्व पर जानकारी दी। योगिराज बोधि वर्धमान, डॉ. लक्ष्मी नारायण जोशी और योगी अजय राणा ने भी अपने विचार साझा किए। भारतीय क्रिकेटर स्नेहा राणा ने जीवन में आगे बढ़ने और मानसिक तनाव से मुक्ति के अपने अनुभव साझा किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में निखिल सकलानी ने संगीत प्रस्तुति दी, वहीं राजीव ठाकुर ने कॉमेडी शो के माध्यम से सभी को हंसाकर तनावमुक्त करने का संदेश दिया।सायंकालीन गंगा आरती के पश्चात केशवम बैंड ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से समां बांधा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाप्रबंधक प्रशासन लक्ष्मी राज चौहान, राजेंद्र ढोंडियाल, सर्वजीत सिंह, रमेश बिष्ट, दीपक रावत, एम.एस.रांगड़,भारत भूषण कुकरेती, विजय नेगी, हरीश शाह, धर्मेंद्र सहित निगम की आयोजन समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।










