
ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा) : भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) में सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता कौशल बिजल्वाण को ऋषिकेश का जिला महामंत्री बनाए जाने पर क्षेत्र के युवाओं में उत्साह का माहौल है। उनके मनोनयन को संगठन में जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
कौशल बिजल्वाण का छात्र जीवन से ही संगठनात्मक गतिविधियों में विशेष योगदान रहा है। उन्होंने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में पूर्व छात्र महासंघ महासचिव एवं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के रूप में कार्य किया है। इसके अलावा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में ऋषिकेश प्रांत प्रमुख, विभाग संयोजक और जिला संयोजक जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।
उनकी नियुक्ति के बाद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर कौशल बिजल्वाण ने कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व में विभिन्न पदों पर रहते हुए संगठन को सशक्त बनाने के लिए किए गए प्रयासों को आगे भी जारी रखा जाएगा तथा अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।










