

ऋषिकेश,19 मार्च (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
उन्होंने उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा को निर्देशित किया कि ऋषिकेश क्षेत्र में हो रही अवैध शराब की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाई जाए। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि अवैध नशे का कारोबार समाज के लिए गंभीर खतरा है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने आपदा प्रबंधन के अंतर्गत किए गए खर्चों की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों में जवाबदेही और प्रभावशीलता अत्यंत आवश्यक है।
इसके अलावा, डॉ. अग्रवाल ने कोतवाल ऋषिकेश से वार्ता कर क्षेत्र में अवैध नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
डॉ. अग्रवाल ने यह भी कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रशासन को सक्रिय एवं संवेदनशील रहकर कार्य करना होगा।










