एम्स ऋषिकेश में भर्ती मंत्री सतपाल महाराज की हालत स्थिर, स्वास्थ्य में सुधार
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल; डॉक्टरों की निगरानी में आईसीयू में चल रहा उपचार


ऋषिकेश,19 मार्च (दिलीप शर्मा): अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में भर्ती उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
श्वास संबंधी शिकायत के चलते बीते दिन उन्हें एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। आवश्यकता को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया, जहां मेडिसिन विभाग के हेड प्रो. रविकांत के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

गुरुवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एम्स ऋषिकेश पहुंचे और मंत्री सतपाल महाराज का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से उपचार और स्वास्थ्य की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
संस्थान की चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. सत्या श्री एवं चिकित्सकों की टीम ने मुख्यमंत्री को बताया कि मंत्री के स्वास्थ्य में काफी सुधार है और वह पहले से बेहतर हैं। मुख्यमंत्री ने सतपाल महाराज से बातचीत कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
चिकित्सा अधीक्षक के अनुसार, मंत्री को हल्के निमोनिया की शिकायत है, हालांकि उनके सभी वायटल पैरामीटर सामान्य हैं और अन्य जांच रिपोर्ट भी सामान्य आई हैं, जिससे उनकी हालत में लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है।
इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक प्रेम चंद अग्रवाल, महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, संस्थान के उपनिदेशक (प्रशासन) ले. कर्नल गोपाल मेहरा, पीआरओ श्रीलोय मोहन्ती सहित स्थानीय पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।










