उत्तराखंड

ऋषिकेश समेत उत्तराखंड में “Extremely Severe Alert” से मचा हड़कंप, 24 घंटे के लिए मौसम को लेकर चेतावनी

तेज सायरन के साथ मोबाइल पर पहुंचे अलर्ट मैसेज से लोग घबराए, बागेश्वर, चमोली, देहरादून सहित कई जिलों में बारिश, बर्फबारी और आकाशीय बिजली की चेतावनी; परीक्षण का हिस्सा भी बताया जा रहा

ऋषिकेश, 20 मार्च (दिलीप शर्मा): उत्तराखंड में शुक्रवार अपराह्न लगभग तीन बजे अचानक कई लोगों के मोबाइल फोन पर तेज सायरन के साथ “Extremely Severe Alert” मैसेज पहुंचने से हड़कंप मच गया। इस अलर्ट में राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम के खतरनाक रूप लेने की चेतावनी दी गई है।

अलर्ट संदेश के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जिलों में तेज बारिश, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। प्रभावित जिलों में बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चंपावत और उत्तरकाशी शामिल हैं।

चेतावनी में कहा गया है कि 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है, जबकि अन्य क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश और तूफान की स्थिति बन सकती है। इस तरह के अलर्ट को उच्च प्राथमिकता वाली आपातकालीन चेतावनी के रूप में प्रसारित किया गया।

हालांकि, न्यूज़ ऑन एयर और अन्य स्रोतों के अनुसार यह संदेश आपातकालीन चेतावनी प्रणाली (Cell Broadcast System) की प्रभावशीलता जांचने के लिए किए गए परीक्षण का हिस्सा भी हो सकता है, जिससे आम जनता में भ्रम की स्थिति बन गई।

सावधानी बरतने की अपील:
प्रशासन की ओर से लोगों को अगले 24 घंटों के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों की यात्रा से बचने, जल स्रोतों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने तथा मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button