

ऋषिकेश/छिद्दरवाला, 22 मार्च(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के छिद्दरवाला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के 14 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की संख्या और उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को बेहतर वातावरण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार और समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से विधायक निधि के माध्यम से सभी केंद्रों में प्लास्टिक कुर्सियां, मेज, अलमारी, बक्सा ट्रंक, 8 लीटर कुकर, खेल सामग्री (प्लास्टिक घोड़ा) एवं वेट मशीन जैसी आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि बच्चों की संख्या के अनुसार कुल पांच अलग-अलग पैकेज तैयार किए गए हैं। प्रथम पैकेज 2 से 5 बच्चों वाले केंद्रों के लिए, द्वितीय पैकेज 6 से 10 बच्चों के लिए, तृतीय पैकेज 11 से 15 बच्चों के लिए, चतुर्थ पैकेज 16 से 20 बच्चों के लिए तथा पंचम पैकेज 21 से 30 बच्चों वाले केंद्रों के लिए निर्धारित किया गया है। प्रत्येक पैकेज में आवश्यकतानुसार सामग्री की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि किसी भी केंद्र में संसाधनों की कमी न रहे।
विधायक ने कहा कि इन सुविधाओं से आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत गरीब और जरूरतमंद बच्चों को सीधा लाभ मिलेगा और उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बल मिलेगा। उन्होंने भविष्य में भी क्षेत्र के विकास और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए ऐसे प्रयास जारी रखने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रवासियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विधायक की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कदम से क्षेत्र के बच्चों के शिक्षा और पोषण स्तर में सकारात्मक सुधार होगा।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान सोबन सिंह कैंतुरा, प्रधान शैलेंद्र रांगड़, हरीश पैन्यूली, गुरप्रीत सिंह सोढ़ी, धर्म सिंह चौहान, कैलाश रतूड़ी, योगेश प्रजापति, भरत सिंह भंडारी, प्यार सिंह बगियाल, अनीता राणा, शमा पंवार, कमलेश सिंह बिष्ट, उमेद सिंह रावत, हेमा देवी, झूमा देवी, सुशीला बगियाल, मंजू रावत, पुष्पा कश्यप, बसंती साजवान, निशा पोखरियाल, अल्पना, लक्ष्मी, सीता देवी, रजनी, ललिता बगियाल एवं सुशीला नेगी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










