

ऋषिकेश, 31 मार्च (दिलीप शर्मा): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री श्री ऋतुराज सिन्हा के ऋषिकेश आगमन पर क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित करते हुए आत्मीय स्वागत भाव व्यक्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि श्री सिन्हा एक कुशल संगठनकर्ता एवं दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता हैं, जिनका मार्गदर्शन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की देशभर में मजबूती के पीछे संगठन के समर्पित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है।
डॉ. अग्रवाल ने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनकल्याण हेतु कई ऐतिहासिक एवं विकासोन्मुखी कार्य किए गए हैं, जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनहितकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करें।
इस अवसर पर श्री ऋतुराज सिन्हा ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है, जिसके बल पर पार्टी निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रही है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने श्री सिन्हा का गर्मजोशी से स्वागत किया और संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।










