ऋषिकेश पुलिस ने वाहन चोरी का किया खुलासा, अभियुक्त गिरफ्तार
चोरी की स्कूटी बरामद, नंबर प्लेट बदलकर ले जा रहा था आरोपी


ऋषिकेश, दिनांक: 05 अप्रैल(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की स्कूटी भी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 अप्रैल 2026 को श्रीमती अतिथि कुकरेजा, निवासी गंगानगर, ऋषिकेश द्वारा अपनी स्कूटी (संख्या UK-14-D-8196) के चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। यह स्कूटी 25 मार्च 2026 को उनके घर के बाहर से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 128/26 धारा 303(2) BNS के तहत पंजीकृत किया गया।
घटना के खुलासे हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक द्वारा एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए।
दिनांक 04 अप्रैल 2026 को जंगलात बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्कूटी (एक्टिवा) को रोका, जिस पर आगे नंबर प्लेट नहीं थी और पीछे फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। वाहन चालक ने अपना नाम विकास तिवारी (26 वर्ष), निवासी IDPL क्षेत्र, ऋषिकेश बताया, लेकिन वह वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
ई-चालान मशीन से जांच करने पर वाहन की वास्तविक पहचान सामने आई, जिससे पता चला कि यह वही स्कूटी है, जो गंगानगर से चोरी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और मुकदमे में धारा 317(2) एवं 318 BNS की बढ़ोतरी की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने स्कूटी गंगानगर की गली नंबर-5 से चोरी की थी और पहचान छुपाने के लिए उसकी असली नंबर प्लेट गंगा नदी में फेंक दी थी। वह स्कूटी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर देहरादून ले जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त विकास तिवारी के विरुद्ध पूर्व में भी मारपीट व धमकी के आरोप में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज सिंह रावत, कांस्टेबल अंगेश्वर, अमित, पुष्पेंद्र एवं प्रदीप शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास और मजबूत हुआ है।










