रायवाला में भाजपा स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर भव्य कार्यक्रम, विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का जोरदार स्वागत
कार्यकर्ताओं ने दी अग्रिम शुभकामनाएं, वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान; डॉ. अग्रवाल बोले—भाजपा एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि परिवार


ऋषिकेश/रायवाला, 5 अप्रैल(दिलीप शर्मा): रायवाला क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उत्साह एवं उल्लास के साथ भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने पार्टी स्थापना दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अग्रवाल द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, स्व. अटल बिहारी वाजपेयी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया।

अपने संबोधन में डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विशाल परिवार है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है, जो कार्यकर्ताओं के समर्पण और सेवा भाव का परिणाम है।
उन्होंने पार्टी के संघर्षपूर्ण इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 1980 में स्थापना के बाद 1984 में एक समय ऐसा भी आया जब भाजपा के केवल दो सांसद थे, लेकिन कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और संगठन की मजबूती के बल पर आज देश के अनेक राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और उनके तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के साथ भारत की वैश्विक साख और मजबूत हुई है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने वाले सभी वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को नमन किया।
इस अवसर पर दर्जाधारी श्यामवीर सैनी, भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल सैनी, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, प्रतीत नगर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, पंचायत सदस्य गीता थापा, लक्ष्मी गुरुंग, गणेश रावत, चित्रवीर छेत्री, अजय साहू, शिवकुमार पाल, नीतू सैनी, अनु सैनी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं स्थानीय जनता उपस्थित रही।










