वीकेंड पर टिहरी पुलिस का शानदार ट्रैफिक मैनेजमेंट, मुनिकीरेती–शिवपुरी मार्ग रहा जाम मुक्त
SSP श्वेता चौबे के निर्देशन में भद्रकाली से तपोवन तक पुलिस की मुस्तैदी, भारी पर्यटक दबाव के बावजूद यातायात रहा सुचारू



मुनिकीरेती/टिहरी,11अप्रैल(दिलीप शर्मा): लंबे वीकेंड के दौरान जनपद टिहरी गढ़वाल के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच टिहरी पुलिस ने अपनी मुस्तैदी और उत्कृष्ट यातायात प्रबंधन का परिचय देते हुए मुनिकीरेती से शिवपुरी तक के व्यस्त मार्गों को पूरी तरह जाम मुक्त बनाए रखा। 11 से 14 अप्रैल तक पड़े अवकाश के चलते क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई, जिससे सड़कों पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया था।
इसके बावजूद, श्वेता चौबे के सख्त निर्देशन में टिहरी पुलिस ने हालात को बखूबी संभाला। भद्रकाली से तपोवन तक के संवेदनशील मार्गों पर पुलिस बल की सक्रिय तैनाती रही और अधिकारी स्वयं सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करते नजर आए।
पर्यटन सीजन के चरम पर पहुंचने के कारण क्षेत्र के अधिकांश होटल और रिजॉर्ट्स पूर्ण रूप से भरे रहे, जिससे वाहनों की आवाजाही में तेजी आई। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में भी पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स की तैनाती, प्रमुख चौराहों पर सतत निगरानी और रियल-टाइम ट्रैफिक मैनेजमेंट के जरिए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखा।
टिहरी पुलिस की इस कुशल कार्यप्रणाली के चलते न केवल यातायात सुचारू बना रहा, बल्कि पर्यटकों को सुरक्षित और सुखद यात्रा का अनुभव भी मिला। पुलिस की तत्परता और समर्पण ने एक बार फिर यह साबित किया कि बेहतर योजना और प्रभावी क्रियान्वयन से किसी भी चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है।
जनपद पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद बनी रहे।










