महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर ऋषिकेश में श्रद्धांजलि, विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया नमन
कार्यकर्ताओं संग कैंप कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित, सामाजिक समरसता और शिक्षा के महत्व पर दिया जोर


ऋषिकेश,11अप्रैल(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शनिवार को अपने कैंप कार्यालय में महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने महात्मा फुले के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों, भेदभाव और अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर सामाजिक चेतना को नई दिशा दी। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 1848 में महात्मा फुले ने अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर पुणे में देश का पहला कन्या विद्यालय स्थापित किया, जो उस समय सामाजिक क्रांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था।
उन्होंने कहा कि महात्मा फुले का जीवन समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को समरस व सशक्त बनाने के लिए उन्हें आत्मसात करना आवश्यक है।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे महात्मा फुले के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य करें।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने महात्मा फुले के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया और समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, पिंकी धस्माना, संजीव, बीना लाखेड़ा, ज्ञानवती, अरुण चौधरी, राजन, सनी चौधरी, अभिनव पाल, साहिल आर्यन, लोकेंद्र सिंह नेगी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।










