उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून में छात्रसंघ समारोह: मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं को बताया राष्ट्र निर्माण की मुख्य शक्ति

डीएवी पीजी कॉलेज में कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, नवाचार और युवाओं के भविष्य पर जोर; कॉलेज भवन विस्तार की घोषणा

देहरादून,11अप्रैल(दिलीप शर्मा):  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को डीएवी पीजी कॉलेज, देहरादून में आयोजित छात्रसंघ समारोह में प्रतिभाग करते हुए छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्य शक्ति बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान भी हैं। उनकी ऊर्जा, संकल्प और नवाचार की सोच भारत के विकास की दिशा तय करती है। उन्होंने छात्र राजनीति को नेतृत्व विकास, संगठन क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

इस अवसर पर उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जैसे संगठनों की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं में राष्ट्र सेवा, चरित्र निर्माण और सामाजिक चेतना को मजबूत करते हैं।

मुख्यमंत्री ने महान समाज सुधारक स्वामी दयानंद सरस्वती के आदर्शों का स्मरण करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण भी है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘स्किल इंडिया’ जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार भी उत्तराखंड को शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

नई शिक्षा नीति के तहत उच्च शिक्षण संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाओं के माध्यम से वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसके तहत 9 नए महाविद्यालयों की स्थापना, 20 मॉडल कॉलेजों का निर्माण, महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवनों का निर्माण कार्य जारी है। शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए नई भर्तियां भी की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पिछले चार वर्षों में 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने डीएवी पीजी कॉलेज के अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शैक्षणिक ब्लॉक की छत पर दो अतिरिक्त तल (प्रथम एवं द्वितीय) के निर्माण की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, रामसिंह कैड़ा, विधायक उमेश कुमार, प्राचार्य प्रो. कौशल कुमार, छात्रसंघ अध्यक्ष ऋषभ मल्होत्रा, महामंत्री करन नेगी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button