सनसाइड व्यू पॉइंट पर हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरा युवक, SDRF ने बचाई जान
टिहरी गढ़वाल में तेज़ रेस्क्यू ऑपरेशन, दिल्ली से आए युवक को सुरक्षित निकाल अस्पताल भेजा गया


टिहरी गढ़वाल, 11अप्रैल(दिलीप शर्मा): जनपद में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे के बीच राहत की खबर सामने आई, जहां नीरगट्टू (नीर गुड्डू) वॉटरफॉल क्षेत्र में एक युवक के गहरी खाई में गिरने की सूचना पर एसडीआरएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी जान बचा ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम 18:56 बजे डीसीआर टिहरी गढ़वाल को सूचना मिली कि नीरगट्टू वॉटरफॉल क्षेत्र में एक व्यक्ति खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम ढालवाला से उपनिरीक्षक नरेंद्र राणा के नेतृत्व में मात्र दो मिनट के भीतर, 18:58 बजे आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।
घटनास्थल पर पहुंचकर पता चला कि दिल्ली से आए 10 पर्यटकों का एक समूह वॉटरफॉल घूमने आया था। वापसी के दौरान क्यार्की गांव के समीप सनसाइड व्यू पॉइंट पर रुकने के दौरान समूह का सदस्य प्रेम कुमार ठाकुर (20 वर्ष) पैराफिट पर बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दुर्गम और जोखिम भरे क्षेत्र में टीम ने अत्याधुनिक रोप तकनीक और उपकरणों का उपयोग करते हुए खाई में उतरकर घायल युवक तक पहुंच बनाई। टीम की कुशलता और साहस के चलते युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू के बाद घायल युवक को तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
SDRF की तत्परता और साहस को सलाम
इस पूरे अभियान में एसडीआरएफ टीम की त्वरित प्रतिक्रिया, पेशेवर दक्षता और जोखिम उठाने की क्षमता एक बार फिर सामने आई है। कठिन परिस्थितियों में भी टीम ने जिस साहस और सूझबूझ का परिचय दिया, वह सराहनीय है और निश्चित रूप से एक बड़ी जान बचाने में निर्णायक साबित हुआ।










