वन मंत्री ने फायर वॉचर्स को वितरित किए सुरक्षा किट, कहा—अग्रिम पंक्ति के योद्धा हैं फायर वॉचर्स
वनाग्नि नियंत्रण को मजबूत करने की पहल, प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर दिया जोर

दिग्वाली/रणाकोट,22 अप्रैल(दिलीप शर्मा): नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र की पट्टी पालकोट स्थित दिग्वाली थौल प्रांगण में आयोजित प्रथम मां कर्णा देवी बैशाख थौल महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल ने फायर वॉचर्स को फायर सेफ्टी किट वितरित किए। यह पहल वनाग्नि की रोकथाम और नियंत्रण को सुदृढ़ करने के साथ-साथ वन संपदा एवं जैव विविधता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इस अवसर पर वन मंत्री ने कहा कि वनाग्नि की घटनाएं पर्यावरण, वन्यजीव और स्थानीय जनजीवन के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही हैं। उन्होंने फायर वॉचर्स को “अग्रिम पंक्ति के योद्धा” बताते हुए कहा कि ये विषम परिस्थितियों में कार्य कर वनाग्नि पर नियंत्रण पाने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उन्हें आधुनिक उपकरण और सुरक्षा किट उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे उनकी कार्यक्षमता और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित हो सकें।
वन मंत्री द्वारा वितरित किट में फायर बीटर, रेक, फावड़ा, पानी की टंकी/बोतल, सुरक्षात्मक दस्ताने, हेलमेट, मास्क, फायर सेफ्टी डांगरी तथा प्राथमिक उपचार सामग्री शामिल रही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फायर वॉचर्स को नियमित प्रशिक्षण प्रदान किया जाए और वनाग्नि प्रबंधन में आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग किया जाए। साथ ही स्थानीय जनभागीदारी बढ़ाने और जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया।
प्रभागीय वनाधिकारी नरेंद्रनगर वन प्रभाग दिगांथ नायक ने बताया कि वन मुख्यालय स्तर से प्राप्त सुरक्षा किटों को सभी फ्रंटलाइन स्टाफ में वितरित किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रत्येक फायर वॉचर का 10 लाख रुपये का बीमा कराया जा चुका है। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से पिरूल (चीड़ की पत्तियां) एकत्र करने की अपील करते हुए बताया कि इसके लिए 10 रुपये प्रति किलोग्राम की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
कार्यक्रम में उप प्रभागीय वनाधिकारी देवप्रयाग अनिल कुमार पैन्यूली, वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी, मदन सिंह रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य दुर्गा रावत, राजेश रावत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










